: बच्चे होते हैं भगवान का स्वरूप : धर्मवीर प्रजापति
Sun, Aug 20, 2023
आदर्श प्रजापति समाज के प्रतिभाशाली बच्चों का सम्मान
रवि रमन प्रजापति - भिंड
प्रतिभाशाली बच्चों का सम्मान बड़े गौरव की बात है। बच्चे भगवान का दूसरा रूप होते हैं। यह सम्मान उनका हौसला बढ़ाता है और बच्चों के मन में अच्छा करने की भावना जागृत होती है। यह बात शहर के निराला रंग बिहार में आयोजित आदर्श प्रजापति समाज सुधार समिति के द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह में मुख्यातिथि उप्र सरकार में कारावास एवं होम गार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने संबोधित करते हुए कही।
कार्यक्रम में उप्र सरकार में कारावास एवं होम गार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने अपने उदबोधन में कहा कि समाज ही शक्ति है। आज के समय में समाज को संगठित करना आवश्यक है क्योंकि अगर समाज संगठित नहीं होगा तो समाज विकास भी नहीं कर पाएगा। समाज के विकास के लिए एकजुट होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज माता पिता की जवाबदारी है कि अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें। हम लोगों को उस चींटी से भी सबक लेना चाहिए, जो पहाड़ पर चढ़ने की कोशिश करती है, लेकिन लगातार गिरती रहती है। जिसके बाद भी उसका आत्मविश्वास नहीं डगमगाता है और आखिर में वह पहाड़ पर चढ़ जाता है। जिससे उसकी जीत होती है। जो ठान लिया जाए, वो अवश्यसंभावी बन जाता है। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों में पूर्व सांसद डॉ रामलखन सिंह कुशवाह , प्रहलाद प्रजापति, विधायक प्रतिनिधि सुनील बाल्मीकि, शिवप्रसाद गोला जी प्रजापति, ओमप्रकाश अग्रवाल बाबूजी, डॉ. रामबिहारी प्रजापति, रमेश प्रजापति, विद्याराम प्रजापति, दिलीप प्रजापति, जगराम प्रजापति, मुन्नीलाल प्रजापति, सोनीराम प्रजापति, भैयालाल प्रजापति, हरज्ञान प्रजापति, रामौतार प्रजापति, रामबाबू प्रजापति, दिनेश प्रजापति, संतोष प्रजापति, पूरन प्रजापति, कल्याण प्रजापति ने मुख्यातिथि के साथ दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम में बारी-बारी से सभी अतिथियों ने समाज को संबोधित किया।
बेटा-बेटी में नहीं करना चाहिए भेद-भाव:
कार्यक्रम में मुख्यातिथि ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के युग में महिलाएं भी पुरुषों के साथ बराबरी से चल रही हैं। महिला शक्ति ही देश की असली शक्ति है। पुरुष वर्ग भी महिलाओं की शक्ति को अब जान गया है। हमारे समाज में कहा जाता है कि लड़के और लड़कियां एक समान हैं, परंतु व्यवहारिक रूप में लोग इसे अपने पर लागू नहीं करते हैं। कुछ अपवादों को छोड़ दिया जाए तो आज भी हमारे समाज के बहुसंख्य परिवारों में यही धारणा है कि उन्हें एक अच्छी बहू तो चाहिए। पर जब अपने घर में बेटी जन्म लेती है तो ऐसा प्रतीत होता है कि दुनिया भर का बोझ उनके यहां ही आ गया हो। अपने ही माता-पिता बेटियों के दुश्मन बन जाते हैं। बचपन से ही उनके साथ भेदभाव शुरू हो जाता है। इस युग में एक अच्छे और बेहतर समाज की कल्पना तभी की जा सकती है जब बेटे और बेटियों मे भेद-भाव को मिटा दिया जाए।
आज बेटियां किसी भी कार्यक्षेत्र में पीछे नहीं हैं:
आज बेटियां किसी भी कार्यक्षेत्र में पीछे नहीं हैं। चाहे वह खेल हो, कुश्ती, डॉक्टर, वकील, साइंटिस्ट,पायलट, टीचर,पुलिस अफसर आदि। वह घर,परिवार और आफिस तीनों को बखूबी संभाल रही हैं। लेकिन फिर भी घर, परिवार,आफिस और समाज के लोग उन्हें हमेशा पीछे ही रखने की कोशिश करते हैं। आज भी ऐसे बहुत से परिवार हैं जहाँ बेटे ओर बेटी में भेदभाव किया जाता है।
अन्य समाज के लोग इस कार्यक्रम से लेंगे सीख:
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि सुनील बाल्मीकि ने कहा कि पहली बार भिंड जिले में इतना बड़ा आदर्श प्रजापति समाज के द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम से अन्य समाज के लोगों को सीख मिलेगी। उन्होंने बताया कि विगत दिनों प्रजापति समाज के द्वारा कुछ मांगों को लेकर एक ज्ञापन दिया था, जिस ज्ञापन को ध्यान में रखकर हम भिंड नगर पालिका की तरफ से करीब 20 लाख रुपए की लागत से एक सामुदायिक भवन प्रजापति समाज को देने का काम करेंगी।
45 बच्चों को किया सम्मानित:
आदर्श प्रजापति समाज के द्वारा रविवार को मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह का कार्यक्रम आयोजित किया। जिस कार्यक्रम 45 बच्चों को प्रमाण पत्र, मेडल और सील्ड देकर सम्मानित किया। जिस कार्यक्रम हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ रही।
बच्चों का सम्मान करने से बढ़ता है मनोबल समाज में माता-पिता का होता है नाम : रोशन गोला जी
आदर्श प्रजापति समाज सुधार समिति के द्वारा जिन बच्चों का सम्मान किया गया इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर शिवप्रसाद गोला जी ने कहा की बच्चों का सम्मान करने से उनका मनोबल बढ़ता है जिससे वह अपने माता-पिता के अलावा पूरे समाज का नाम रोशन करते हैं इसलिए बच्चों का सम्मान अवश्य करना चाहिए बच्चों का समान होने से छोटे बच्चों में भी शिक्षा की ओर मनोबल बढ़ता है
: भाजपा कार्यकर्ताओं ने लेह घटना में हुए शहीद सैनिकों को दी श्रद्धांजलि
Sun, Aug 20, 2023
भिंड - संवाददातता
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लेह में सेना के एक ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त हादसे में जेसीओ सहित 9 जवान शहीद हो जाने पर सर्किट हाउस स्थित शहीद स्तंभ पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहीद स्तंभ पर इस घटना में शहीद हुए जवानों को याद करते हुए पुष्प अर्पण कर एवं मोमबत्ती जलाकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अतुल रमेश पाठक ने कहा कि लेह के पास इस दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों का निधन अत्यंत कष्टदायक है। हम अपने राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे. भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं.
और भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री धर्मेंद्र टंटी राजावत ने कहा कि लेह में सेना की गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण हमारे कई जवानों की शहादत की खबर अत्यंत दुखद है. जवानों के शोकाकुल परिवारजनों को मेरी गहरी संवेदनाएं. घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं एवं हमारे बहादुर जवानों के हम हमेशा ऋणी रहेंगे ।
इस अवसर पर जिला मंत्री रश्मि खटीक, जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा अशफाक खान,मंडल अध्यक्ष अमित जैन,मंडल अध्यक्ष श्याम राठौर , मंडल महामंत्री संतोष भारौली, जिला सोशल मीडिया प्रभारी मोनू नरवरिया,मंडल उपाध्यक्ष बच्चा सिंह, किसान मंडल अध्यक्ष शंकर सिंह, युवा मोर्चा सह कोषाध्यक्ष सौरभ जैन,मंडल मंत्री प्रशांत सोनी, मंडल मंत्री सूरज बरुआ,जेडी खान, पुष्पेंद्र भारौली, शुभम पचौरी,डिंपल दीक्षित, अशोक वाल्मीकि,पवन जैन, राहुल गुर्जर आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
: निरीक्षण दल को कहीं विद्यार्थी तो कहीं शिक्षक मिले अनुपस्थित
Sun, Aug 20, 2023
तीन प्रभारी प्रधानाध्यापकों सहित सात शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस, जिला शिक्षा अधिकारी हरिभुवन सिंह तोमर ने जारी किया नोटिस, तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण
भिंड
-
संवाददाता
शिक्षा विभाग के जिला स्तरीय निरीक्षण दल के द्वारा बीते रोज एक के बाद एक तीन स्कूलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में अनुपस्थित पाए गए 6 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं वही एक उपस्थित पाए गए प्रभारी प्रधानाध्यापक को स्कूल में मिली भारी अनियमितताओं के चलते कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है अन्यथा की दृष्टि में सभी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की बात जिला शिक्षा अधिकारी हरि भुवन सिंह तोमर ने कही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कन्या प्राथमिक विद्यालय मेहदा के निरीक्षण में केवल 35 बच्चे उपस्थित मिले और मध्यान भोजन बनता हुआ मिला । लेकिन प्रभारी प्रधानाध्यापक सूर्यप्रकाश श्री वास्तव, शिक्षिका नीलम भदौरिया, शिक्षक गगन सिंह भदौरिया व विपिन कुमार बघेल अनुपस्थित पाए गए। इन सभी को जिला शिक्षा अधिकारी श्री तोमर के द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और 3 दिवस के अंदर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी प्रकार शासकीय माध्यमिक विद्यालय बसंतपुरा के प्रभारी प्रधानाध्यापक आनंद स्वरूप कनेरिया विद्यालय में तो मिले लेकिन विद्यालय में दर्ज 163 विद्यार्थियों में से एक भी विद्यार्थी विद्यालय में उपस्थित नहीं मिला और विद्यालय में कई प्रकार की अनियमितताएं पाई गई जिसके कारण इन्हें भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसी विद्यालय के शिक्षक उदय वीर सिंह रजिस्टर पर हस्ताक्षर करके गायब मिले। शासकीय प्राथमिक विद्यालय मढैया के प्रभारी प्रधानाध्यापक अभिषेक चंसौलिया को भी भारी अनियमितताओं के चलते कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी हरिभुवन सिंह तोमर ने इस संदर्भ में बताया है कि नवीन कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी शासकीय विद्यालय में शिक्षक यदि 1 मिनट भी लेट पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और पढ़ाई के स्तर में भी कोई कोताही न करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी श्री तोमर के द्वारा शिक्षकों को दिए गए हैं।
लेट आते हैं शिक्षक और जल्दी चले जाते हैं
प्राथमिक विद्यालय मेहदा में जब निरीक्षण दल ने ग्रामीणों से चर्चा की तो ग्रामीणों ने बताया कि शाला में पढ़ाने वाले शिक्षक प्रतिदिन लेट आते हैं और जल्दी खानापूर्ति करके चले जाते हैं, इस विद्यालय में शैक्षणिक स्तर भी विद्यार्थियों में बिल्कुल न्यूनतम पाया गया।
जिले के 70% शासकीय विद्यालय में समय पर नहीं पहुंचते शिक्षक!
जिले में संचालित हो रहे 70% से अधिक विद्यालय में शिक्षक समय पर न तो पहुंचते हैं और ना ही अध्यापन कार्य ठीक से कराते है। शिक्षकों के द्वारा विद्यालय में पढ़ाई का स्तर सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते हैं अधिकांश शिक्षक अपने आका नेताओं के दम पर स्कूल ही नहीं जाते हैं और बिना स्कूल जाए वेतन प्राप्त कर रहे हैं। इस समस्या के निराकरण के लिए नवागत कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव को बड़ी पहल करने की आवश्यकता है। जिस प्रकार से पूर्व कलेक्टर इलैया राजा टी के द्वारा जिले से नकल का दाग मिटाने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया था। ठीक उसी प्रकार से नवागत कलेक्टर श्री श्रीवास्तव को विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति के लिए बड़ा अभियान चलाने की आवश्यकता है जिससे कि जिले का शैक्षणिक स्तर सुधरा जा सके।